अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कार्यवाहक नौसेना सचिव हंग काओ को इस पद पर स्थायी नियुक्ति के लिए नामित किया है. काओ अप्रैल के आखिर से यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जब तत्कालीन नौसेना सचिव जॉन फेलन अचानक पद से हट गए थे. नामांकन को अब अमेरिकी सीनेट की मंजूरी की प्रक्रिया से गुजरना होगा.

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर काओ को ‘सच्चा योद्धा’ बताते हुए सीनेट से उनके नामांकन की जल्द पुष्टि करने का आग्रह किया. काओ ने भी इसे नौसेना और मरीन कॉर्प्स टीम का नेतृत्व करने के लिए अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया.

25 साल तक नौसेना में रहे हैं काओ

फेलन के विपरीत, जिनके पास सैन्य सेवा का अनुभव नहीं था, काओ ने अमेरिकी नौसेना में 25 साल बिताए हैं. वह स्पेशल ऑपरेशंस अधिकारी रहे और इराक तथा अफगानिस्तान में सील टीमों और विशेष बलों के साथ काम कर चुके हैं. नौसेना सचिव की कार्यवाहक जिम्मेदारी संभालने से पहले वह नौसेना के अंडरसेक्रेटरी थे.

काओ को ट्रंप का करीबी समर्थक माना जाता है. उन्होंने बाइडन प्रशासन के दौर में कोविड वैक्सीन लेने से इनकार करने वाले कुछ सैन्यकर्मियों को फिर से ड्यूटी पर लौटाने का समर्थन किया था. जुलाई में फ्लोरिडा के एक भीड़भाड़ वाले समुद्र तट के ऊपर अमेरिकी नौसेना की एरियल डेमोंस्ट्रेशन टीम ब्लू एंजेल्स की कम ऊंचाई वाली उड़ान पर भी उन्होंने आपत्ति नहीं जताई थी. उस उड़ान के दौरान कुर्सियों और टेंट के उड़ने की खबरें सामने आई थीं.

ईरान युद्ध के बीच नौसैनिकों की तैनाती पर सवाल

काओ का नामांकन ऐसे समय हुआ है जब कुछ सांसद, खासकर डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता, ट्रंप प्रशासन पर नौसेना पर जरूरत से ज्यादा दबाव डालने का आरोप लगा रहे हैं. यूएसएस अब्राहम लिंकन की ईरान युद्ध में सहायता के लिए नौ महीने की तैनाती के दौरान लगातार लंबे समय तक समुद्र में रहने का रिकॉर्ड बना है.

मीडिया रिपोर्टों में जहाज के चालक दल के मानसिक स्वास्थ्य में गिरावट और भोजन तथा स्वच्छता से जुड़ी जरूरी वस्तुओं की कमी का दावा किया गया है. कनेक्टिकट के सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल और एरिजोना के सीनेटर रूबेन गैलेगो समेत कई डेमोक्रेटिक सांसदों ने जहाज पर हालात को लेकर पेंटागन से जवाबदेही की मांग की है.

यह नामांकन अमेरिकी सैन्य नेतृत्व में जारी अस्थिरता के बीच भी आया है. रिपोर्टों के मुताबिक, सेना सचिव डैन ड्रिस्कोल ने रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के साथ तनाव की खबरों के बीच इस सप्ताह इस्तीफा सौंप दिया है. ऐसे माहौल में काओ की स्थायी नियुक्ति नौसेना के नेतृत्व और सैन्य तैनाती से जुड़े फैसलों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है.