अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर नए हमले फिलहाल रोकने पर विचार कर रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसके लिए शर्त यह है कि ईरान या यमन में उसके समर्थन वाले हूती समूह अमेरिका के खिलाफ कोई नई उकसावे वाली कार्रवाई न करें.
यह जानकारी मामले से परिचित तीन लोगों के हवाले से सामने आई है. इन लोगों ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर बताया कि ट्रंप ने हाल के दिनों में वरिष्ठ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के साथ बैठकों और खुफिया जानकारी मिलने के बाद हमले रोकने की संभावना पर चर्चा की.
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने 31 अक्टूबर को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से कहा था कि वह अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान पर हमला करने की योजना बना रहे हैं. हालांकि, क्राउन प्रिंस ने उन्हें रोकने की अपील की और तर्क दिया कि ईरान पर आर्थिक प्रतिबंध असर डाल रहे हैं.
ट्रंप का रुख अभी अंतिम नहीं माना जा रहा है. हाल के दिनों में वह ईरान के खिलाफ कार्रवाई बढ़ाने की धमकी देने और संघर्ष कम करने के संकेत देने के बीच अपना रुख बदलते रहे हैं.
