अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 2026 का नोबेल शांति पुरस्कार जीतने की संभावना को विशेषज्ञों ने कम बताया है. रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप के ईरान के साथ युद्ध के बीच पुरस्कार मिलने की उम्मीद कमजोर मानी जा रही है.

2026 के नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा 9 अक्टूबर को होनी है. विशेषज्ञों के मुताबिक, ट्रंप पुरस्कार नहीं जीत सकते, लेकिन पुरस्कार विजेता चुनने की प्रक्रिया पर उनका प्रभाव जरूर पड़ सकता है.

पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट ओस्लो के कार्यवाहक निदेशक हाकोन ग्येर्लोव ने कहा कि पिछले साल की घटनाएं समिति के विचार-विमर्श को प्रभावित कर सकती हैं. 2025 का पुरस्कार वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरीना मचाडो को दिया गया था.

मचाडो को लोकतांत्रिक अधिकारों को बढ़ावा देने और वेनेजुएला में तानाशाही से लोकतंत्र की ओर शांतिपूर्ण बदलाव के प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया था. नोबेल समिति के अनुसार, 2026 के पुरस्कार के लिए कुल 287 उम्मीदवारों के नामांकन मिले हैं, जिनमें 79 संगठन शामिल हैं. हालांकि, मौजूदा वर्ष के नामांकित लोगों की पूरी सूची सार्वजनिक नहीं की जाती.