अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से साइबेरिया में प्लेग की आशंका को लेकर जल्द बातचीत करेंगे. यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका रूस से मामले की स्पष्ट जानकारी साझा करने का दबाव बना रहा है.
इरकुत्स्क क्षेत्र के शेलेखोव में एंटी-प्लेग रिसर्च इंस्टीट्यूट से जुड़ी एक महिला कर्मचारी की पिछले सप्ताह गंभीर निमोनिया के बाद मौत हो गई थी. रूसी स्वास्थ्य अधिकारियों ने मौत का कारण “अज्ञात वजह का निमोनिया” बताया है और कहा है कि इसका संस्थान में काम या प्लेग संक्रमण से संबंध अब तक साबित नहीं हुआ है.
रूस ने इरकुत्स्क में प्लेग का कोई पुष्ट मामला दर्ज होने से इनकार किया है. अधिकारियों के अनुसार, मृतका के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया और जांच की गई. हालांकि, अस्पतालों तथा संस्थान में एहतियाती कदमों की खबरों के बाद सार्वजनिक चिंता बढ़ी है.
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने उपलब्ध जानकारी के आधार पर क्षेत्र के बाहर सार्वजनिक स्वास्थ्य जोखिम को बहुत कम बताया है. मामले की जांच जारी है और संभावित न्यूमोनिक प्लेग की पुष्टि नहीं हुई है.
