अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार, 6 नवंबर को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से फोन पर बातचीत की. कतर के अमीर के मीडिया कार्यालय के बयान के अनुसार, चर्चा का केंद्र मध्य पूर्व में तनाव कम करने और संकट को समाप्त करने के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रयास रहे.

दोनों नेताओं ने कतर की मध्यस्थता से ऐसे व्यापक समझौते की संभावनाओं पर बात की, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता कायम हो सके. कतर लंबे समय से अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता की कोशिश कर रहा है.

बयान के मुताबिक, शेख तमीम ने विवादों के समाधान के लिए बातचीत और कूटनीतिक उपाय जारी रखने पर जोर दिया. उन्होंने क्षेत्र में आगे तनाव बढ़ने से रोकने, समुद्री नौवहन की स्वतंत्रता बनाए रखने और ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता भी बताई.

क्षेत्रीय कूटनीति तेज

इसी क्रम में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलत्ती के बीच भी फोन पर बातचीत हुई. मिस्र के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नादेर जकी के अनुसार, अब्देलत्ती ने सभी पक्षों से लचीलापन और समझौते की भावना दिखाने का आग्रह किया, ताकि राजनीतिक समाधान निकाला जा सके और क्षेत्र में नए सैन्य टकराव को टाला जा सके.