अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से फोन पर पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के प्रयासों पर चर्चा की. कतर के अमीरी दीवान ने शुक्रवार को इस बातचीत की जानकारी दी.

कतर की ओर से कहा गया कि वार्ता में क्षेत्रीय संकट से निपटने के लिए मध्यस्थता प्रयासों और व्यापक समझौते की दिशा में काम करने पर बात हुई. अमीर तमीम ने तनाव को और बढ़ने से रोकने के लिए लगातार संवाद और कूटनीतिक पहल की अहमियत पर जोर दिया.

यह संपर्क ऐसे समय हुआ है जब ईरान को लेकर क्षेत्र में अनिश्चितता बनी हुई है और अमेरिका की संभावित नई सैन्य कार्रवाई को लेकर आशंकाएं जताई जा रही हैं. कतर लंबे समय से क्षेत्रीय संवाद और मध्यस्थता की कोशिशों में भूमिका निभाता रहा है.

फोन वार्ता के बाद किसी समझौते या ठोस अगले कदम की सार्वजनिक घोषणा नहीं की गई.