अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यूक्रेन को रूस के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत में राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के बजाय किसी और प्रतिनिधि को आगे करना चाहिए. ट्रंप ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में जेलेंस्की की भूमिका पर असंतोष जताया.
ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या वह जेलेंस्की की मौजूदगी के बिना भी युद्ध समाप्त कराने के लिए बातचीत करेंगे, तो उन्होंने संकेत दिया कि ऐसा संभव है. उन्होंने कहा कि यूक्रेन की ओर से बातचीत के लिए किसी और व्यक्ति को जिम्मेदारी लेनी चाहिए.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने रूस के रुख पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि यूक्रेन के मामले में रूस फिलहाल “ठीक” है और वह “बहुत कुछ नहीं कर रहा”. हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनका इशारा रूस की सैन्य गतिविधियों, बातचीत या किसी अन्य पहलू की ओर था.
यह बयान ट्रंप और जेलेंस्की के बीच बढ़ते मतभेदों के बीच आया है. ट्रंप पहले भी जेलेंस्की पर युद्ध समाप्त करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाने का आरोप लगा चुके हैं. जेलेंस्की की ओर से इस ताजा टिप्पणी पर तत्काल प्रतिक्रिया की जानकारी उपलब्ध नहीं है.
