अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का द वॉल स्ट्रीट जर्नल और मीडिया कारोबारी रुपर्ट मर्डोक के खिलाफ 10 अरब डॉलर का मानहानि मुकदमा मियामी की संघीय अदालत ने खारिज कर दिया है. अमेरिकी जिला जज डैरिन गेइल्स ने मामले को ‘with prejudice’ खारिज किया, यानी इसे दोबारा दाखिल नहीं किया जा सकता.
मुकदमे का आधार जर्नल में प्रकाशित वह रिपोर्ट थी, जिसमें जेफ्री एपस्टीन के 50वें जन्मदिन के लिए तैयार किए गए एक एलबम में ट्रंप के नाम से जुड़े कथित पत्र और एक चित्र का उल्लेख किया गया था. रिपोर्ट के अनुसार, पत्र में यौन संकेतों वाली सामग्री थी और उसके अंत में जन्मदिन की शुभकामना के साथ निजी संदेश लिखा था.
ट्रंप ने पत्र लिखने से इनकार किया था और रिपोर्ट को झूठा, दुर्भावनापूर्ण तथा मानहानिकारक बताया था. उनकी शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अखबार और उसके पत्रकारों ने कई कथित झूठे और अपमानजनक बयान जानबूझकर या लापरवाही से प्रकाशित किए, जिससे उन्हें वित्तीय और प्रतिष्ठित नुकसान हुआ.
जज ने ‘वास्तविक दुर्भावना’ का मानक बताया
जज गेइल्स ने कहा कि ट्रंप यह साबित नहीं कर सके कि प्रतिवादियों ने ‘actual malice’ के साथ सामग्री प्रकाशित की. अमेरिकी कानून के तहत सार्वजनिक हस्तियों से जुड़े मानहानि मामलों में यह दिखाना जरूरी होता है कि प्रकाशक को सामग्री के झूठे होने का पता था या उसने सत्य के प्रति लापरवाह उपेक्षा दिखाई.
फैसले में 1964 के सुप्रीम कोर्ट के ‘न्यूयॉर्क टाइम्स बनाम सुलिवन’ फैसले का हवाला दिया गया. जज ने कहा कि संशोधित शिकायत में दुर्भावना से जुड़े आरोप निष्कर्षात्मक, अस्पष्ट और कई जगह रिपोर्ट की सामग्री से असंगत थे.
अदालत ने यह भी कहा कि रिपोर्ट ने ट्रंप के इनकार को नजरअंदाज नहीं किया था, बल्कि पाठकों को बताया था कि उन्होंने पत्र को फर्जी बताया और उसे लिखने से इनकार किया.
गेइल्स ने अप्रैल में भी मुकदमा खारिज किया था, लेकिन ट्रंप को शिकायत में संशोधन का अवसर दिया गया था. मई में संशोधित शिकायत दाखिल होने के बाद शनिवार के फैसले में अदालत ने इसे स्थायी रूप से समाप्त कर दिया.
