अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगले सप्ताह चीन के शेनझेन में पहली बार एक साथ बैठक कर सकते हैं. व्हाइट हाउस के अनुसार, यह बैठक एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन से इतर गुरुवार को प्रस्तावित है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बैठक में तीनों देशों के परमाणु हथियारों के भंडार को सीमित करने और रणनीतिक स्थिरता पर चर्चा हो सकती है. ट्रंप ईरान युद्ध का मुद्दा भी उठा सकते हैं. हालांकि, एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, बैठक में यूक्रेन युद्ध पर चर्चा किए जाने की संभावना नहीं है.

यह बैठक दुनिया की तीन प्रमुख परमाणु शक्तियों के नेताओं को एक मंच पर लाएगी. इसके चलते इसे प्रतीकात्मक और कूटनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, हालांकि किसी बड़े समझौते की तत्काल संभावना को लेकर अधिकारियों और विश्लेषकों ने संयम बरतने की बात कही है.

बैठक की योजना की पुष्टि अमेरिकी और रूसी अधिकारियों की ओर से की गई है. अंतिम कार्यक्रम और एजेंडा में बदलाव संभव है.