तुर्किये और सोमालिया के सुरक्षा बलों ने सोमालिया के पूर्वोत्तर तट के पास समुद्री लुटेरों के कब्जे से कैमरून के ध्वज वाले मालवाहक जहाज एमवी लतुफ को मुक्त करा लिया है. सोमाली अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान करीब 10 दिन चला और इसे समुद्री सुरक्षा सहयोग समझौते के तहत अंजाम दिया गया.

सोमालिया के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि कार्रवाई में 14 समुद्री लुटेरे मारे गए और उनकी चार नौकाएं नष्ट कर दी गईं. मंत्रालय के मुताबिक, बलों के लगातार दबाव के बाद बचे हुए लुटेरे जहाज छोड़कर चले गए, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने पोत को अपने नियंत्रण में ले लिया.

चालक दल की स्थिति पर जानकारी नहीं

रक्षा मंत्रालय ने अभियान में सुरक्षा बलों की किसी क्षति या जहाज पर मौजूद चालक दल के स्वास्थ्य और सुरक्षा की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की. हालांकि, पुंटलैंड के नुगाल क्षेत्र के गोदोब जिरान जिले के एक स्थानीय बुजुर्ग अब्दुल्लाही वारसामे ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि जहाज और उसका चालक दल मुक्त हो चुका है.

एमवी लतुफ जुलाई के आखिर में तुर्किये के टेकिरदाग बंदरगाह से रवाना हुआ था. उसे 17 अगस्त को सोमालिया के अर्द्ध-स्वायत्त पुंटलैंड राज्य के नुगाल क्षेत्र के तटवर्ती जलक्षेत्र में अगवा किया गया था.

जहाजों की आवाजाही पर नजर रखने वाली मरीन ट्रैफिक वेबसाइट के अनुसार, पोत ने अपने घोषित गंतव्य तंजानिया के दार-एस-सलाम की ओर यात्रा जारी रखी है.

समुद्री डकैती की गतिविधियों में फिर उछाल

सोमालिया के आसपास समुद्री डकैती 2000 के दशक में एक बड़ी चुनौती बन गई थी और 2011 में यह अपने चरम पर पहुंची थी. बाद में अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक तैनाती और वाणिज्यिक जहाजों के लिए सुरक्षा उपायों के कारण घटनाएं कम हुईं.

लेकिन इस वर्ष अप्रैल के बाद हमलों में फिर तेजी दर्ज की गई है. अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के आंकड़ों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि इस साल सोमालिया तट के पास कम से कम 15 हमले हुए हैं, जो 2013 के बाद सबसे अधिक हैं. कम से कम पांच मालवाहक जहाजों को बंधक बनाए जाने की बात भी सामने आई है. सबसे हालिया घटना में 20 अगस्त को यमन के तट के पास एक जहाज को कब्जे में लिया गया था.

इस अभियान को सोमालिया और तुर्किये के बीच रक्षा सहयोग के तहत समुद्री मार्गों की सुरक्षा तथा तटीय क्षेत्र में समुद्री डकैती रोकने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.