ब्रिटेन में पोर्नोग्राफी की ऑनलाइन लाइव-स्ट्रीमिंग यानी ‘कैमिंग’ पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाने की मांग उठी है. वाणिज्यिक यौन शोषण पर काम करने वाले सांसदों के एक सर्वदलीय समूह ने अपनी नई रिपोर्ट में ऐसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को अपराध के दायरे में लाने का सुझाव दिया है, जो पोर्नोग्राफी या अन्य सेक्स वर्क की लाइव-स्ट्रीमिंग से मुनाफा कमाते हैं.
यह मांग ऐसे समय आई है, जब 6 नवंबर से ब्रिटेन में कुछ स्पष्ट यौन सामग्री को रखना या प्रकाशित करना अपराध बना दिया गया है. इनमें गला दबाने या दम घोंटने को दर्शाने वाली सामग्री, वास्तविक या काल्पनिक रिश्तेदारी पर आधारित यौन सामग्री और 16 वर्ष से कम उम्र के लोगों को दिखाने वाली या ऐसा दिखावा करने वाली सामग्री शामिल है.
10 नवंबर को प्रकाशित ‘Only Exploitation’ नामक रिपोर्ट में कहा गया है कि वेबकैमिंग प्लेटफॉर्म के दर्शक केवल सामग्री देखने वाले नहीं रह जाते, बल्कि प्रभावी रूप से उसके ‘निर्देशक’ बन जाते हैं. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इन प्लेटफॉर्मों से महिलाओं और लड़कियों को यौन दबाव, शोषण, निजता और सुरक्षा संबंधी जोखिमों का सामना करना पड़ सकता है. सांसद टोनिया एंटोनियाजी और ट्रेसी गिल्बर्ट ने रिपोर्ट की प्रस्तावना में वेबकैमिंग कारोबार को शोषण करने वालों के लिए आकर्षण का केंद्र बताया.
रिपोर्ट ने ‘ई-पिंपिंग’ को भी अपराध बनाने की सिफारिश की है. इसका आशय ऐसे लोगों से है, जो किसी अन्य व्यक्ति के लाइव-स्ट्रीम प्रदर्शन को सुगम बनाकर उससे आर्थिक लाभ कमाते हैं. रिपोर्ट में कुछ ‘OnlyFans मैनेजरों’ और एजेंटों पर मॉडलों की कमाई और काम पर अनुचित नियंत्रण के आरोपों से जुड़ी जांचों का हवाला दिया गया है.
हालांकि, डिजिटल अपराध विशेषज्ञ डॉ. कैरोलिना एर ने कहा कि रिपोर्ट स्वैच्छिक सेक्स वर्क और शोषण के बीच पर्याप्त अंतर नहीं करती. उनके अनुसार, कई लोग घर से काम करने की सुविधा, दिव्यांगता, देखभाल की जिम्मेदारियों या व्यक्तिगत पसंद के कारण डिजिटल सेक्स वर्क चुनते हैं. उन्होंने चेताया कि प्लेटफॉर्म बंद या सीमित करने से कुछ लोगों की आय और सुरक्षा का साधन खत्म हो सकता है और वे अधिक जोखिम वाले भूमिगत काम की ओर जा सकते हैं.
रिपोर्ट में पहले से रिकॉर्ड की गई पोर्न सामग्री के वितरण के बाद सहमति वापस लेने का अधिकार देने और पुलिस को पोर्न साइटों पर मौजूद या स्ट्रीम की जा रही पूरी सामग्री तक पहुंच देने की भी सिफारिश की गई है. एर ने सहमति वापस लेने के प्रस्ताव का समर्थन किया, लेकिन बड़े पैमाने पर निगरानी और पुलिस शक्तियां बढ़ाने को लेकर चिंता जताई.
