ब्रिटेन सरकार ने पूर्व सांसद ऐन विडकॉम्ब की हत्या के बाद राजनेताओं, शाही परिवार के सदस्यों और अन्य हाई-प्रोफाइल सार्वजनिक हस्तियों की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा का ऐलान किया है. गृह मंत्री शबाना महमूद ने सोमवार को हाउस ऑफ कॉमन्स में कहा कि सुरक्षा तंत्र को बदलते खतरों के अनुरूप मजबूत किया जाएगा.

समीक्षा की जिम्मेदारी ब्रिटेन के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सर स्टीफन लवग्रोव को दी गई है. वह यह जांच करेंगे कि सबसे अधिक जोखिम वाले लोगों को पर्याप्त सुरक्षा मिल रही है या नहीं. समीक्षा में शाही परिवार के सदस्य, मंत्री, सांसद, स्थानीय निर्वाचित प्रतिनिधि और ब्रिटिश राजनीति से जुड़े अन्य प्रमुख लोग शामिल होंगे. हालांकि, इसमें किसी व्यक्तिगत मामले का आकलन नहीं किया जाएगा.

महमूद ने तत्काल प्रभाव से उन राजनीतिक हस्तियों के लिए पुलिस सहायता बढ़ाने की घोषणा की, जो वर्तमान में सांसद नहीं हैं. इसमें पूर्व सांसद, हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सदस्य, विकेंद्रीकृत संसदों के पूर्व सदस्य और पार्टी प्रवक्ता शामिल हैं. उन्हें एक नामित पुलिस अधिकारी से संपर्क और व्यापक सुरक्षा उपायों में मदद दी जाएगी.

सरकार के अनुसार, लवग्रोव मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था, उसके वित्तपोषण और अन्य उपायों के प्रभावी व उचित इस्तेमाल तथा खतरे के स्तर के अनुसार फैसले लेने में एकरूपता की समीक्षा करेंगे. यह जांच आतंकवाद, चरमपंथ, राज्य-समर्थित खतरों, उत्पीड़न और डराने-धमकाने से जुड़े जोखिमों को ध्यान में रखेगी.

विंडकॉम्ब 9 जुलाई को डेवॉन के हेटर स्थित अपने घर में गंभीर चोटों के साथ मृत मिली थीं. 28 वर्षीय जोशुआ केरी पर उनकी हत्या का आरोप लगाया गया है. उस पर रिफॉर्म यूके नेता निगेल फरेज के दक्षिण लंदन स्थित घर में घुसने की कोशिश और प्रमुख लोगों व संस्थानों की ऑनलाइन निगरानी का भी आरोप है. इन आरोपों पर कानूनी प्रक्रिया जारी है.

अलग से रॉबर्ट बकलैंड सांसद सर डेविड एमेस की हत्या के बाद निर्वाचन क्षेत्रों में सांसदों की सुरक्षा की समीक्षा कर रहे हैं. निर्वाचन आयोग के मुताबिक, मई के स्थानीय चुनावों और 2024 के आम चुनाव में 55% उम्मीदवारों ने किसी न किसी तरह के उत्पीड़न या डराने-धमकाने का अनुभव बताया था.