यूक्रेन ने रूस के साथ संभावित युद्धविराम के लिए भारत के प्रस्ताव को चार प्रस्तावों में सबसे व्यापक बताया है. यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने कहा कि कीव ऊर्जा ढांचे और काला सागर से जुड़े क्षेत्र में युद्धविराम पर विचार करने के लिए तैयार है, लेकिन दोनों पहलुओं को एक साथ समझौते में शामिल किया जाना चाहिए.
सिबिहा ने शुक्रवार को कीव में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यूक्रेन को भारत, तुर्किये, मिस्र और अमेरिका से संभावित युद्धविराम के प्रस्ताव मिले हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था में केवल सैन्य अभियानों को रोकना पर्याप्त नहीं होगा. ऊर्जा और बंदरगाह ढांचे पर हमले तथा काला सागर की स्थिति को भी इसमें शामिल करना होगा.
यूक्रेन पहले भी मोर्चे पर बिना शर्त युद्धविराम की मांग कर चुका है. हालांकि, रूस ने ऐसे युद्धविराम को स्वीकार करने के बजाय व्यापक शांति समझौते की आवश्यकता पर जोर दिया है.
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस-यूक्रेन संघर्ष खत्म करने का मुद्दा लगातार उठाते हैं. पुतिन के अनुसार, मोदी के पास दोनों पक्षों को स्वीकार्य समाधान खोजने से जुड़े अच्छे विचार हैं. यह टिप्पणी वाल्दाई इंटरनेशनल डिस्कशन क्लब की वार्षिक बैठक में आई.
इससे पहले क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा था कि रूस संघर्ष के समाधान के लिए भारत के शांति प्रयासों का स्वागत करेगा. रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध फरवरी 2022 में रूसी आक्रमण के बाद शुरू हुआ था. संघर्ष के दौरान हजारों नागरिकों की मौत, लाखों लोगों के विस्थापन और आवास तथा महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान की जानकारी सामने आई है.
