रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए, जिनमें कम से कम आठ नागरिकों की मौत हो गई और दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने 400 से अधिक ड्रोन और 110 से ज्यादा मिसाइलें दागीं. इनमें 27 बैलिस्टिक मिसाइलें शामिल थीं.

रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलों में यूक्रेन के ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स और रेलवे ढांचे को निशाना बनाया गया. राजधानी कीव में ड्नीप्रो नदी पर बने तीन पुलों को भी नुकसान पहुंचा और कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ. यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि हमले में बिजली से जुड़ी सुविधाएं भी प्रभावित हुईं.

यह हमला रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की उस चेतावनी के कुछ घंटे बाद हुआ, जिसमें उन्होंने क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले केर्च पुल पर यूक्रेन के हमलों के जवाब में कार्रवाई की बात कही थी. यूक्रेन ने इस सप्ताह पुल पर कई हमले किए थे. दोनों पक्ष एक-दूसरे पर रणनीतिक और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने का आरोप लगाते रहे हैं.