ईयू की विदेश नीति प्रमुख काया कालास ने रूस-यूक्रेन शांति वार्ता को लेकर रूस पर बातचीत की दिशा भटकाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. डबलिन में ईयू नेताओं के शिखर सम्मेलन में पहुंचने के दौरान कालास ने कहा कि रूस यूरोपीय सुरक्षा पर बहस शुरू कराकर अपनी आक्रामकता से ध्यान हटाना चाहता है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कालास ने चेतावनी दी कि यूरोप को रूस द्वारा बिछाए जा रहे जाल में नहीं फंसना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस मामले में एक आक्रांता और एक पीड़ित है. कालास के मुताबिक, रूस की सुरक्षा चिंताओं का मुद्दा उठाना उचित नहीं है, क्योंकि किसी ने रूस पर हमला नहीं किया, जबकि रूस ने दूसरे देशों पर हमला किया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने यूक्रेन युद्ध पर बातचीत में यूरोपीय सुरक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव की अपनी पुरानी मांग फिर उठाई है. ऐसी मांगों को 2021 में मध्य और पूर्वी यूरोपीय देशों की संप्रभुता में हस्तक्षेप मानकर खारिज किया गया था. यूक्रेन, रूस और अमेरिका के बीच बातचीत का नया दौर इस सप्ताह अबू धाबी में हुआ.
अमेरिकी प्रतिनिधि और डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जारेड कुशनर ने कहा था कि रूस और यूक्रेन अगले दौर की शांति वार्ता में यूरोपीय देशों को शामिल करने पर सहमत हुए हैं. हालांकि, रूस की ओर से इस दावे का जल्द ही खंडन किया गया. क्रेमलिन ने कहा कि यूरोप के वास्तविक इरादों और शांति प्रक्रिया में उसके योगदान को समझने के बाद ही विस्तारित प्रारूप में वार्ता पर फैसला लिया जाएगा. रूस के प्रमुख वार्ताकार व्लादिमीर मेडिंस्की ने भी यूरोप के साथ चर्चा के मुद्दे को अस्पष्ट बताया.
यूरोपीय नेता शांति वार्ता में यूक्रेन का समर्थन करने की बात कह चुके हैं, लेकिन उनका जोर पहले युद्धविराम पर है. जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने कहा कि यूरोपीय सुरक्षा व्यवस्था पहले से मौजूद है. यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयेन ने कहा कि यूरोप की भागीदारी उसके हितों की रक्षा और यूक्रेन के समर्थन के लिए जरूरी है.
अब चर्चा इस बात पर है कि वार्ता में यूरोप का प्रतिनिधित्व कौन करेगा. संभावित विकल्पों में ईयू प्रतिनिधियों के साथ ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी का ई3 प्रारूप शामिल है. स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल के स्वरूप से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि यूरोप क्या संदेश देता है. कई नेताओं ने ब्रिटेन और नॉर्वे की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया है.
