रूस-यूक्रेन युद्ध ने यूरोप में बड़े पैमाने पर विस्थापन का संकट पैदा किया है. यूएनएचसीआर की 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष के अंत तक यूक्रेन से जुड़े 59 लाख शरणार्थी दुनिया भर में दर्ज किए गए. इनमें 53 लाख से अधिक लोगों ने यूरोप के देशों में शरण ली.
रिपोर्ट के मुताबिक, इसी अवधि में यूक्रेन के भीतर 37 लाख लोग आंतरिक रूप से विस्थापित थे. लगातार हवाई हमलों, ऊर्जा ढांचे को हुए नुकसान, आवास की कमी और मानवीय जरूरतों ने सुरक्षित वापसी को मुश्किल बनाए रखा.
यूरोपीय संघ के आंकड़ों के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 तक करीब 43.5 लाख लोग यूक्रेन से भागने के बाद अस्थायी संरक्षण के तहत रह रहे थे. इनमें जर्मनी में 12.51 लाख, पोलैंड में 9.69 लाख और चेकिया में 3.93 लाख लोग शामिल थे.
अस्थायी संरक्षण पाने वालों में 98.4 प्रतिशत से अधिक यूक्रेनी नागरिक थे. वयस्क महिलाओं की हिस्सेदारी 43.6 प्रतिशत, नाबालिगों की करीब 30.5 प्रतिशत और वयस्क पुरुषों की 25.9 प्रतिशत थी. यूरोपीय परिषद ने इस संरक्षण व्यवस्था को 4 मार्च 2027 तक बढ़ाने का फैसला किया है.
