न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के दौरान आयोजित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की एक बैठक में प्रमुख एआई कंपनियों के नेताओं ने तकनीक के लिए वैश्विक नियमन और निगरानी की मांग की. बैठक फ्रांस ने बुलाई थी. वक्ताओं ने कहा कि एआई के तेजी से विकास के बीच साझा अंतरराष्ट्रीय नियमों की जरूरत बढ़ गई है.
Anthropic के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डारियो अमोडी ने परिषद से कहा कि अगर एआई का प्रबंधन ठीक तरीके से नहीं किया गया, तो यह पूरी मानवता के लिए जोखिम बन सकता है. OpenAI के प्रमुख सैम ऑल्टमैन ने चेताया कि मानवता एआई के भविष्य पर नियंत्रण खो सकती है.
ऑल्टमैन ने कहा कि एआई से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण फैसले केवल सैन फ्रांसिस्को की प्रयोगशालाओं में नहीं लिए जाने चाहिए. उनके मुताबिक, इन फैसलों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और जनता के प्रति जवाबदेह सरकारों के जरिए तय किया जाना चाहिए.
बैठक में फ्रांस और ब्रिटेन के विदेश मंत्रियों समेत परिषद के कुछ प्रतिनिधियों ने भी एआई के नियंत्रण के लिए साझा अंतरराष्ट्रीय ढांचा बनाने की जरूरत बताई. Hugging Face के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्लेमेंट डेलांग ने कहा कि उनकी कंपनी पर एआई एजेंटों से हमला हुआ था और उसने बचाव के लिए एक चीनी एआई मॉडल का इस्तेमाल किया. उन्होंने इसे एआई के जोखिम और उपयोग, दोनों का उदाहरण बताया.
हालांकि, अमेरिका ने वैश्विक नियमन की दिशा में किसी केंद्रीकृत व्यवस्था का विरोध किया. बैठक में अमेरिकी प्रशासन के प्रतिनिधि माइकल क्रैटसियोस ने कहा कि अमेरिका अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं द्वारा एआई पर केंद्रीकृत नियंत्रण और वैश्विक शासन स्थापित करने के सभी प्रयासों को पूरी तरह खारिज करता है.
संयुक्त राष्ट्र से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार, एआई को लेकर अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जरूरत पर सहमति बढ़ रही है, लेकिन अमेरिका और चीन के बीच तकनीकी प्रतिस्पर्धा ऐसे नियमों पर तत्काल सहमति को कठिन बना सकती है.
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2024 में एआई पर अपना पहला गैर-बाध्यकारी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया था. इसमें सदस्य देशों से व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा, एआई जोखिमों की निगरानी और मानवाधिकारों की रक्षा का आह्वान किया गया था. पिछले वर्ष महासभा ने एआई पर स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल और वैश्विक एआई शासन संवाद की स्थापना भी की थी.
स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल के सह-अध्यक्ष योशुआ बेंगियो ने सुरक्षा परिषद में कहा कि एआई से जुड़े खतरे वास्तविक और तत्काल हैं. उन्होंने इसे ऐसा अभूतपूर्व खतरा बताया, जिसे कोई एक देश अकेले नियंत्रित नहीं कर सकता और जो राष्ट्रीय सीमाओं से बंधा नहीं है.
