अमेरिकी सेना बुधवार सुबह आयोवा आर्मी एम्युनेशन प्लांट में लगभग 4,500 किलोग्राम लेड एजाइड नष्ट करने के लिए दो लगातार नियंत्रित विस्फोट करने की योजना बना रही है. सेना के अनुसार विस्फोट भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे के आसपास होंगे. यह योजना पहले कई बार टाली जा चुकी है.
लेड एजाइड सैन्य आयुधों में इस्तेमाल होने वाला विस्फोटक पदार्थ है. सेना के अधिकारियों का कहना है कि यहां रखे 68 ड्रमों में मौजूद सामग्री खराब हो रही है और ठंड बढ़ने के साथ इसके अस्थिर होने तथा अनियंत्रित धमाके का खतरा बढ़ सकता है. इसीलिए सेना ने इसे सुरक्षित तरीके से नष्ट करने को प्राथमिकता दी है.
अभियान की निगरानी कर रहे मेजर जनरल एरिक शर्ली ने कहा कि अब कार्रवाई न करना विकल्प नहीं है. उनके मुताबिक सेना ने राज्य और संघीय अधिकारियों के साथ मिलकर यह फैसला लिया है. विस्फोट स्थल के चारों ओर मिट्टी की संरचनाएं बनाई गई हैं और संभावित कणों को जमा करने के लिए टंकियां भी खोदी गई हैं.
कानूनी रोक के बाद फिर मिली अनुमति
प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर मतभेद हैं. पर्यावरण समूह Iowa Environmental Council और Sierra Club की राज्य इकाई ने 19 नवंबर को विस्फोट रोकने के लिए मुकदमा दायर किया था. एक संघीय अपीलीय अदालत ने पिछले सप्ताह प्रशासनिक रोक लगाई थी.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को सेना को रुकने का निर्देश देते हुए कहा था कि कार्रवाई अदालत और आयोवा के डेमोक्रेटिक गवर्नर-इलेक्ट रॉब सैंड की सहमति से ही आगे बढ़े. हालांकि, उसी दिन अपीलीय अदालत ने प्रशासनिक रोक हटा दी, जिससे सेना के लिए योजना आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया.
आयोवा की रिपब्लिकन गवर्नर किम रेनॉल्ड्स ने कहा कि उपलब्ध जानकारी के आधार पर खतरा तत्काल है और सेना जनता की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाएगी. वहीं सैंड ने अधिक पारदर्शिता की मांग की है और कहा है कि स्थानीय लोगों को यह जानने का अधिकार है कि मिडलटाउन इस स्थिति तक कैसे पहुंचा.
सीसा-कणों के फैलाव को लेकर चिंता
पर्यावरण समूहों का कहना है कि विस्फोट से जहरीले सीसा-कण हवा में फैल सकते हैं. सरकारी अनुमान के अनुसार संभावित plume 160 किलोमीटर से अधिक दूरी तक जा सकता है और घरों, खेतों तथा पशुओं तक पहुंच सकता है. सेना ने आसपास के लोगों को बाहर की हवा खींचने वाले पंखे बंद करने और HVAC सिस्टम को बाहरी हवा का प्रवेश रोकने वाली सेटिंग पर रखने की सलाह दी है. विस्फोट के बाद plume साफ होने तक घर के भीतर filtration बढ़ाने को भी कहा गया है.
सीसा बच्चों में विकास संबंधी समस्याएं, मस्तिष्क को नुकसान और बोलने में दिक्कत पैदा कर सकता है. वयस्कों में यह आंतरिक अंगों और गर्भावस्था पर गंभीर असर डाल सकता है. विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि केवल बाहरी सतहों पर पानी डालना पर्याप्त नहीं होगा, क्योंकि इससे कण मिट्टी में पहुंच सकते हैं.
संभावित प्रभाव वाले भू-मालिकों को सेना ने right-of-entry फॉर्म दिया है. इसे स्वीकार करने पर सरकार को 36 महीने तक संपत्ति पर पर्यावरणीय नमूने लेने, उपकरण लगाने और भूजल निगरानी कुएं बनाने का अधिकार मिल सकता है. भू-मालिकों के लिए इस फॉर्म पर हस्ताक्षर करना अनिवार्य नहीं है. विस्फोट के बाद व्यापक सफाई की जिम्मेदारी किस स्तर तक निभाई जाएगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है.
