अमेरिकी तटरक्षक बल ने कहा है कि उसने क्यूबा जा रहे ईंधन से लदे एक बड़े मालवाहक जहाज को रोककर मेक्सिको पहुंचाया. Grace नाम के इस पोत को 5 सितंबर को क्यूबा और मेक्सिको के बीच कैरेबियाई सागर में रोका गया था. तटरक्षक बल के मुताबिक जहाज ऐसे तौर-तरीके अपना रहा था, जिन्हें आम तौर पर ‘डार्क फ्लीट’ से जोड़ा जाता है.
अमेरिकी बयान के अनुसार, तटरक्षक दल ने जहाज पर चढ़कर उसे मेक्सिको तक पहुंचाया. वहां मेक्सिको की नौसेना की एक टीम ने निरीक्षण किया और पोत के बैलास्ट टैंकों में बड़ी मात्रा में ईंधन होने की पुष्टि की. जहाज पर कुछ कंटेनर भी मिले, जिनमें कथित तौर पर अवैध ईंधन होने का संदेह है.
बयान में यह नहीं बताया गया कि अधिकारियों ने ईंधन की अंतिम मंजिल क्यूबा होने का निष्कर्ष किस आधार पर निकाला. जहाज में कुल कितना ईंधन था, इसकी जानकारी भी सार्वजनिक नहीं की गई. उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, पोत की लंबाई करीब 91 मीटर थी.
अमेरिकी तटरक्षक बल के कमांडेंट एडमिरल केविन लुंडी ने कहा कि खुले समुद्र कानून तोड़ने वालों के लिए सुरक्षित जगह नहीं हैं. उन्होंने deceptive यानी भ्रामक तौर-तरीकों का इस्तेमाल करने वाले ‘डार्क फ्लीट’ से जुड़े पक्षों पर अवैध गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया.
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब अमेरिकी प्रशासन ने क्यूबा पर तेल संबंधी प्रतिबंधों का दबाव बढ़ाया है. रिपोर्ट के अनुसार, ईंधन की कमी और बिजली कटौती से क्यूबा पर दबाव बढ़ा है. क्यूबा को ईंधन देने वाले उसके पारंपरिक आपूर्तिकर्ताओं वेनेजुएला और मेक्सिको से आपूर्ति भी अचानक रुक गई है.
