अमेरिका ने फिलिस्तीनी प्राधिकरण के राष्ट्रपति महमूद अब्बास और उनके प्रतिनिधिमंडल के अन्य अधिकारियों को UN महासभा में शामिल होने के लिए वीजा देने से इनकार कर दिया है. यह लगातार दूसरा साल है, जब अब्बास न्यूयॉर्क में महासभा के उच्चस्तरीय सत्र में व्यक्तिगत रूप से हिस्सा नहीं ले पाएंगे.
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि फिलिस्तीनी अधिकारियों ने पिछले समझौतों के तहत शांति की दिशा में किए गए commitments को पूरा नहीं किया और उनकी गतिविधियां शांति की संभावनाओं को कमजोर कर रही हैं. मंत्रालय ने कहा कि इसी आधार पर PLO सदस्यों और फिलिस्तीनी प्राधिकरण के अधिकारियों पर वीजा प्रतिबंध जारी रहेंगे.
पिछले साल भी अब्बास का वीजा रद्द किया गया था. इसके बाद UN महासभा ने उन्हें वीडियो के जरिए संबोधित करने की अनुमति दी थी. इस साल भी फिलिस्तीनी प्रतिनिधिमंडल UN की बैठक में मौजूद रहेगा, लेकिन अब्बास और अन्य प्रभावित अधिकारियों की व्यक्तिगत भागीदारी अमेरिकी फैसले के कारण बाधित होगी.
UN के मेजबान देश के तौर पर अमेरिका की जिम्मेदारियों को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं. UN अधिकारियों ने सदस्य और पर्यवेक्षक देशों के प्रतिनिधियों को महासभा में पहुंचने की सुविधा देने की आवश्यकता पर जोर दिया है.
