अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल ईरानी प्रतिनिधिमंडल के दो सदस्यों को देश से बाहर कर दिया है. अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, विदेश मंत्री अब्बास अराघची के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल को देश छोड़ने का आदेश दिया गया था, लेकिन दो सदस्य इसके बाद भी न्यूयॉर्क में मौजूद रहे.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विदेश मंत्री मार्को रुबियो के निर्देश पर अमेरिकी मिशन ने ईरान के संयुक्त राष्ट्र मिशन को प्रतिनिधिमंडल के तत्काल प्रस्थान की सूचना दी थी. एक सदस्य शुक्रवार रात और दूसरा शनिवार सुबह अमेरिका से रवाना हुआ. अमेरिकी पक्ष ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा का उच्चस्तरीय सत्र समाप्त हो चुका था और दोनों सदस्य तय समय से अधिक रुक गए थे.

इससे पहले अराघची और उनके प्रतिनिधिमंडल को भी न्यूयॉर्क से जल्दी रवाना होने को कहा गया था. यह कदम अमेरिका और ईरान के बीच कतर की मध्यस्थता वाली बातचीत में प्रगति नहीं होने के बाद उठाया गया.

हालांकि, ईरानी पक्ष ने अमेरिकी दावे को खारिज किया है. ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उसके सदस्य पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार रवाना हुए थे और अमेरिकी आदेश की अनदेखी नहीं की गई.