अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया को ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ में रणनीति, योजना और नीति प्रमुख के पद से हटा दिया है. यह पद अमेरिकी राष्ट्रपति और ज्वाइंट चीफ्स के लिए सैन्य योजनाओं के समन्वय में अहम भूमिका निभाता है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पेंटागन के एक अधिकारी ने आरोप लगाया कि सिल्विया ने ईरान युद्ध, रूस-यूक्रेन संघर्ष और अन्य संवेदनशील मुद्दों से जुड़ी गोपनीय जानकारी पत्रकारों के साथ साझा की. अधिकारी ने यह भी कहा कि उन्होंने सूचना लीक करने से जुड़े तीन पॉलीग्राफ परीक्षण पास नहीं किए. हालांकि, दो अन्य पेंटागन अधिकारियों ने इन आरोपों को खारिज किया है.

पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने सिल्विया का नाम लिए बिना कहा कि संवेदनशील जानकारी की सुरक्षा के लिए जरूरी personnel action लिया गया है. मामले को संभावित कानूनी कार्रवाई के लिए अमेरिकी न्याय विभाग को भेजे जाने की बात भी सामने आई है.

सिल्विया ने आरोपों पर तत्काल सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी. उनकी बर्खास्तगी ऐसे समय हुई है जब अमेरिकी प्रशासन ईरान के खिलाफ आगे की सैन्य कार्रवाई पर विचार कर रहा है.