अमेरिका ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों को तत्काल देश छोड़ने की सलाह दी है. अमेरिकी विदेश विभाग की यात्रा चेतावनी में ईरान की यात्रा से पूरी तरह बचने को कहा गया है.

विभाग के अनुसार, ईरान में अमेरिकी नागरिकों को आतंकवाद, नागरिक अशांति, अपहरण, मनमानी गिरफ्तारी और गलत तरीके से हिरासत में लिए जाने का जोखिम है. चेतावनी में दोहरी अमेरिकी-ईरानी नागरिकता रखने वाले लोगों, छात्रों, पत्रकारों, कारोबारी यात्रियों और अकादमिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी जोखिम के प्रति आगाह किया गया है.

अमेरिका का ईरान में दूतावास नहीं है. ऐसे में विदेश विभाग ने नागरिकों से आपात स्थिति में अमेरिकी सरकारी सहायता पर निर्भर न रहने और देश से बाहर निकलने की अपनी योजना तैयार रखने को कहा है.

जनवरी 2026 में अमेरिकी वर्चुअल दूतावास ने भी सुरक्षा स्थिति बिगड़ने, सड़क बंद होने, सार्वजनिक परिवहन में व्यवधान और इंटरनेट प्रतिबंधों के बीच नागरिकों से ईरान छोड़ने की अपील की थी. उस समय सुरक्षित होने पर तुर्किये या आर्मेनिया के रास्ते भूमि सीमा से निकलने पर विचार करने को कहा गया था.