अमेरिका और जापान ने जापान में Advanced Medium-Range Air-to-Air Missile यानी AMRAAM के लिए अंतिम असेंबली और निरीक्षण सुविधा स्थापित करने पर सहमति जताई है. जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने 28 अक्टूबर को फिलीपींस के सेबू में अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से मुलाकात के बाद इसकी घोषणा की.

जापानी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह पहल ‘Operation Supercharge’ के तहत द्विपक्षीय मिसाइल सहयोग को तेज करने का हिस्सा है. कोइजुमी ने कहा कि AMRAAM, F-35 लड़ाकू विमान के लिए आवश्यक मिसाइल है. हालांकि, प्रस्तावित सुविधा का स्थान और उत्पादन शुरू होने की समयसीमा अभी घोषित नहीं की गई है.

दोनों देशों ने SM-3 Block IIA मिसाइलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए जरूरी तकनीकी जानकारी साझा करने पर भी सहमति जताई है. अप्रैल में हुई रक्षा औद्योगिक वार्ता में SM-3 Block IIA का उत्पादन लगभग चार गुना बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हुई थी.

यह समझौता हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रक्षा आपूर्ति शृंखला मजबूत करने और अमेरिका-जापान सैन्य सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.