अमेरिका में संघीय अभियोजक मौरिन कमे को नौकरी से हटाने के मामले में एक संघीय जज के फैसले ने राष्ट्रपति की कार्यकारी शक्तियों और न्याय विभाग की जवाबदेही पर बहस तेज कर दी है. न्यूयॉर्क के जिला जज जेसी फर्मन ने न्याय विभाग की इस कार्रवाई को गैरकानूनी बताया है. कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि फैसला राजनीतिक आधार पर की जाने वाली बर्खास्तगियों के खिलाफ महत्वपूर्ण संदेश दे सकता है, हालांकि इसके खिलाफ अपील की संभावना है.

मौरिन कमे पूर्व FBI निदेशक जेम्स कमे की बेटी हैं. उन्होंने न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले में सहायक अमेरिकी अटॉर्नी के तौर पर कई चर्चित मामलों में अभियोजन किया था. इनमें घिसलेन मैक्सवेल और शॉन ‘डिडी’ कॉम्ब्स से जुड़े मामलों में दोषसिद्धियां भी शामिल थीं.

जज ने क्या कहा

कमे को 16 जुलाई 2025 को तत्काल प्रभाव से संघीय सेवा से हटाने का पत्र मिला था. उनके अनुसार, उन्हें बर्खास्तगी से पहले कोई नोटिस या कारण नहीं बताया गया. अदालत में दाखिल दस्तावेजों के मुताबिक, जब उन्होंने तत्कालीन मैनहैटन अमेरिकी अटॉर्नी जे क्लेटन से इस बारे में पूछा, तो उन्हें कथित तौर पर बताया गया कि आदेश वॉशिंगटन से आया है और इसके अलावा कोई जानकारी नहीं दी जा सकती. कमे ने सितंबर 2025 में अपनी बर्खास्तगी को चुनौती देते हुए मुकदमा दायर किया था.

न्याय विभाग ने तर्क दिया था कि अमेरिकी संविधान का अनुच्छेद II राष्ट्रपति और अटॉर्नी जनरल को ऐसे संघीय अभियोजकों को हटाने का अधिकार देता है, जो राजनीतिक नियुक्ति पर नहीं होते. जज फर्मन ने इस दलील को खारिज करते हुए कहा कि कमे की बर्खास्तगी को किसी कानून से मंजूरी नहीं मिली थी और यह Civil Service Reform Act का उल्लंघन थी. उन्होंने सरकार की व्याख्या को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट की करीब दो सदी पुरानी मिसालों के विपरीत बताया.

फैसला कितना प्रभावी होगा

रिचमंड यूनिवर्सिटी के कानून विशेषज्ञ कार्ल टोबियास ने फैसले को महत्वपूर्ण बताया, लेकिन कहा कि न्याय विभाग इसे दूसरे सर्किट कोर्ट ऑफ अपील्स में चुनौती दे सकता है. उनके अनुमान के मुताबिक मामला आगे अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट तक भी जा सकता है. हालांकि सुप्रीम कोर्ट को इस मामले की सुनवाई स्वीकार करना जरूरी नहीं होगा.

पूर्व संघीय अभियोजक नीमा रहमानी ने कहा कि यह फैसला समान तथ्यों वाले मामलों में अन्य वकीलों और जजों के लिए उपयोगी संदर्भ बन सकता है, लेकिन इसका बाध्यकारी प्रभाव नहीं है. पूर्व मैनहैटन संघीय अभियोजक एलिजाबेथ वोल्स्टीन ने भी कहा कि एक जिला अदालत का फैसला दूसरे जजों पर कानूनी रूप से लागू नहीं होता, फिर भी अच्छी तरह तर्क दिया गया फैसला प्रभावशाली हो सकता है.

कमे के वकीलों ने निर्णय को कार्यपालिका की असीमित शक्ति के दावे की अस्वीकृति बताया. दूसरी ओर, व्हाइट हाउस ने राजनीतिक प्रतिशोध के आरोपों को खारिज किया और कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के न्याय विभाग का ध्यान कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा पर है.