अमेरिकी रक्षा विभाग चंद्रमा के आसपास सैन्य उपग्रहों का एक नेटवर्क तैनात करने की संभावनाओं पर विचार कर रहा है. इस दिशा में अमेरिकी सेना ने संघीय खरीद वेबसाइट पर Request for Information (RFI) जारी किया है. इसमें ‘प्रोलिफरेटेड सिसलूनर कॉन्स्टेलेशन’ की संभावित जरूरत का उल्लेख है.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित नेटवर्क में कितने उपग्रह होंगे और उनका सटीक मिशन क्या होगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है. ‘सिसलूनर’ शब्द चंद्रमा के आसपास के अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए इस्तेमाल किया जाता है.
यह पहल अमेरिकी Space Force के उन्नत कार्यक्रमों से जुड़े अधिग्रहण प्रमुख मेजर जनरल स्टीफन पर्डी के हालिया बयानों के बाद सामने आई है. पर्डी ने संकेत दिया था कि अमेरिकी सैन्य नेतृत्व चंद्रमा तक अपनी अंतरिक्ष क्षमता का विस्तार करने को गंभीरता से देख रहा है.
फिलहाल Space Force के सबसे दूर स्थित सैन्य उपग्रह भू-स्थिर कक्षा में हैं, जो भूमध्य रेखा से करीब 36,000 किलोमीटर ऊपर है. ये उपग्रह नियमित निगरानी और मिसाइल चेतावनी से जुड़ा डेटा जुटाते हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी नेतृत्व की चंद्रमा संबंधी रणनीति में बदलाव पिछले दिसंबर में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा जारी कार्यकारी आदेश के बाद आया. आदेश में पृथ्वी की निचली कक्षा से लेकर सिसलूनर अंतरिक्ष तक अमेरिकी अंतरिक्ष हितों के लिए खतरों का पता लगाने, उनका आकलन करने और उनका मुकाबला करने की क्षमता विकसित करने की बात कही गई है.
