अमेरिका में शनिवार को ‘नो किंग्स’ नेटवर्क से जुड़े लोगों ने कई शहरों और समुदायों में रैलियां कीं. इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले लोगों को जल्दी मतदान के लिए प्रोत्साहित करना था. आयोजकों ने इन कार्यक्रमों को ‘नो किंग्स: वोट अर्ली’ नाम दिया.

आयोजकों के अनुसार, देशभर में ऐसे 3,000 से अधिक कार्यक्रमों की योजना बनाई गई थी. उनका कहना है कि ये आयोजन गैर-दलीय हैं और करीब दो वर्षों से चल रहे ‘नो किंग्स’ मार्चों व प्रदर्शनों की कड़ी हैं. इन प्रदर्शनों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों और उनके कार्यकाल से असहमति जताने वाले लोग शामिल रहे हैं.

आयोजकों ने एक बयान में कहा कि वे समुदायों को साथ लाकर जल्दी मतदान की योजना बनाने और हर पात्र मतदाता को मतदान के उपलब्ध विकल्पों की जानकारी देने की कोशिश कर रहे हैं. उनका कहना है कि इससे लोगों को अपनी राय दर्ज कराने का अवसर मिलेगा.

वॉशिंगटन डीसी के लिंकन मेमोरियल में कुछ सौ लोगों की भीड़ के बीच संगीत कार्यक्रम हुआ. ठंडे मौसम के बावजूद लोगों ने नृत्य किया. प्रदर्शनकारियों के हाथों में ‘वोट अर्ली’ और ‘हैंड्स ऑफ माई वोट’ जैसे संदेशों वाली तख्तियां थीं.

अटलांटा की एक रैली में सिटी काउंसिलमैन माइकल जूलियन बॉन्ड ने लोगों से 3 नवंबर के आम चुनाव से पहले मतदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की. उन्होंने मतदान के अधिकार को लोगों की महत्वपूर्ण शक्ति बताया.

ट्रंप लंबे समय से डाक से मतदान को लेकर संदेह जताते रहे हैं और बिना प्रमाण दावा कर चुके हैं कि 2020 का राष्ट्रपति चुनाव धोखाधड़ी के कारण उनके खिलाफ गया. इसी बीच उनके प्रशासन ने कैलिफोर्निया के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दायर कर कुछ संदिग्ध गैर-नागरिक मतदाताओं के डाक मतपत्रों की गिनती रोकने की मांग की है. न्याय विभाग ने स्थानीय अधिकारियों को संभावित आपराधिक जांच की चेतावनी भी दी है. तीन डेमोक्रेटिक सीनेटरों ने अटॉर्नी जनरल से चुनाव सामग्री जब्त न करने की प्रतिबद्धता मांगी है.