अमेरिका और सऊदी अरब के बीच हुए नागरिक परमाणु सहयोग समझौते ने मध्य पूर्व में परमाणु प्रसार को लेकर बहस तेज कर दी है. समझौते के तहत सऊदी अरब को अमेरिकी तकनीक के इस्तेमाल से नागरिक परमाणु कार्यक्रम विकसित करने का रास्ता मिल सकता है. इसे अमेरिकी कांग्रेस की समीक्षा से भी गुजरना है.
चिंता का सबसे बड़ा कारण यह है कि समझौते में यूरेनियम संवर्धन और परमाणु ईंधन के पुनर्संसाधन पर पर्याप्त स्पष्टता को लेकर सवाल उठे हैं. Arms Control Association के अनुसार, समझौता अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के अतिरिक्त प्रोटोकॉल को अनिवार्य नहीं बनाता. इससे निगरानी व्यवस्था और संवेदनशील परमाणु गतिविधियों पर संदेह बढ़ सकता है.
सऊदी नेतृत्व पहले कह चुका है कि यदि ईरान परमाणु हथियार हासिल करता है तो रियाद अपनी सुरक्षा नीति पर पुनर्विचार कर सकता है. विश्लेषकों का मानना है कि ऐसी स्थिति में ईरान, सऊदी अरब, इजरायल और क्षेत्र के अन्य देशों के बीच रणनीतिक प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने समझौते को सऊदी अरब के इजरायल के साथ संबंध सामान्य करने की शर्त से भी जोड़ा है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि समझौता मौजूदा शर्तों के साथ लागू होगा या कांग्रेस और अन्य पक्ष इसमें अतिरिक्त सुरक्षा प्रावधान जोड़ेंगे.
