अमेरिकी मिशन ने सऊदी अरब में तैनात अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों के लिए सभी सऊदी एयरपोर्ट्स के इस्तेमाल पर विशेष अनुमति अनिवार्य कर दी है. यह अनुमति चीफ ऑफ मिशन से लेनी होगी. निर्देश ऐसे समय आया है, जब क्षेत्र में हवाई हमलों और हूती मिसाइल-ड्रोन गतिविधियों के कारण उड़ान संचालन प्रभावित है.

अमेरिकी अधिकारियों ने नागरिकों को भी सऊदी एयरपोर्ट्स से यात्रा करते समय अत्यधिक सावधानी बरतने को कहा है. एडवाइजरी में संभावित मिसाइल और ड्रोन हमलों, एयरस्पेस बंद होने, उड़ान रद्द होने और यात्रा में अचानक बदलाव की चेतावनी दी गई है. यात्रियों से रवाना होने से पहले एयरलाइन और संबंधित एयरपोर्ट से उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने को कहा गया है.

रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सीमित संचालन फिर शुरू किया गया है. किंग अब्दुलअजीज इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेद्दा और किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दम्माम चालू हैं, लेकिन वहां भी देरी और उड़ान रद्द होने की घटनाएं सामने आई हैं. अमेरिकी मिशन ने यात्रियों को वैकल्पिक रूप से रेल और बस सेवाओं की जानकारी लेने की सलाह दी है.