अमेरिका ने आठ बड़ी IT कंपनियों को विदेशी कर्मचारियों के लिए ग्रीन कार्ड प्रक्रिया के अहम चरण Permanent Labour Certification यानी PERM कार्यक्रम से निलंबित कर दिया है. प्रभावित कंपनियों में Tata Consultancy Services (TCS), Infosys, Wipro, HCL Technologies, Microsoft, Adobe, Cognizant और Capgemini शामिल हैं.
अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि इन कंपनियों की नियुक्ति प्रक्रियाओं से अमेरिकी कर्मचारियों के लिए उपलब्ध अवसर प्रभावित हुए हैं. अधिकारियों ने कार्यक्रम के कथित दुरुपयोग और विदेशी कर्मचारियों को प्राथमिकता दिए जाने पर भी सवाल उठाए हैं.
PERM आवेदन आम तौर पर नियोक्ता-प्रायोजित रोजगार-आधारित ग्रीन कार्ड प्रक्रिया का शुरुआती चरण होता है. निलंबन के बाद इन कंपनियों से जुड़े नए PERM आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे और लंबित आवेदनों की प्रक्रिया भी रोकी गई है. हालांकि, यह कदम H-1B वीजा कार्यक्रम को सीधे निलंबित नहीं करता.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय IT कंपनियों की ओर से PERM आवेदन हाल के वर्षों में काफी घटे हैं. TCS ने कहा है कि पिछले दो वर्षों में उसके PERM आवेदन एकल अंक में रहे, इसलिए उसे अपनी कार्यबल रणनीति या ग्राहक सेवाओं पर बड़े असर की उम्मीद नहीं है.
