अमेरिका ने ब्रिटेन के RAF Fairford एयरबेस पर तैनात अपने सभी बॉम्बर विमान वापस अमेरिका भेज दिए हैं. पेंटागन ने कहा कि Fairford से तैनात अमेरिकी बॉम्बर अब अपने घरेलू ठिकानों पर लौट चुके हैं. सुरक्षा कारणों से विमानों की आवाजाही की जानकारी तत्काल सार्वजनिक नहीं की गई थी.
यह कदम एयरबेस के आसपास संदिग्ध आतंकी साजिश की जांच के बीच उठाया गया है. ब्रिटिश पुलिस ने सितंबर के अंत में लंदन निवासी 20 से 25 वर्ष की उम्र के पांच ब्रिटिश नागरिकों को विस्फोटक और आतंकवाद से जुड़े संदेह में गिरफ्तार किया था. पूछताछ के बाद सभी को जमानत पर छोड़ दिया गया, लेकिन जांच जारी है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संदिग्धों को जमानत पर छोड़े जाने पर नाराजगी जताई थी. उन्होंने संकेत दिया था कि मामले में ईरान का संबंध हो सकता है. ब्रिटेन में एक ब्रिटिश-ईरानी नागरिक की अलग गिरफ्तारी के बाद यह संदेह और चर्चा में आया है. हालांकि ईरान ने RAF Fairford की घटना से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है. अधिकारियों ने अब तक साजिश, आरोपियों की भूमिका या किसी विदेशी सरकार की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है.
