अमेरिका के यूएस-चाइना इकोनॉमिक एंड सिक्योरिटी रिव्यू कमीशन (USCC) ने अपनी 2026 वार्षिक रिपोर्ट में कहा है कि चीन भारत के उभार को सीमित करने के लिए कई मोर्चों पर दबाव की रणनीति अपना रहा है. आयोग ने भारत को अमेरिकी गठबंधन व्यवस्था के बाहर उन चुनिंदा शक्तियों में बताया है जिनके पास चीन के साथ दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धा को प्रभावित करने की क्षमता है.
रिपोर्ट के अनुसार, चीन विवादित सीमा पर सैन्य ढांचा मजबूत करने, पाकिस्तान को सैन्य सहयोग देने और हिंद महासागर में नौसैनिक व निगरानी मौजूदगी बढ़ाने के साथ आर्थिक साधनों का भी इस्तेमाल कर रहा है. आयोग ने कहा कि महत्वपूर्ण औद्योगिक इनपुट, तकनीक और विशेषज्ञता पर चीन का नियंत्रण भारत की विनिर्माण क्षमता बढ़ाने में बाधा बन सकता है.
ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख
रिपोर्ट में मई 2025 के भारत-पाकिस्तान संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा गया कि उस दौरान चीन ने सीधे लड़ाई में उतरे बिना पाकिस्तान की क्षमता बढ़ाने की संभावना दिखाई. आयोग के आकलन में चीन-पाकिस्तान सैन्य सहयोग भारत के लिए समन्वित या अवसरवादी दो-मोर्चा चुनौती की आशंका बढ़ाता है.
USCC ने अमेरिकी कांग्रेस से भारत के साथ हिंद महासागर में समुद्री क्षेत्र-जागरूकता, खुफिया साझाकरण और चीनी नौसैनिक गतिविधियों की निगरानी पर अधिक सतत समन्वय की दिशा में कदम बढ़ाने की सिफारिश की है. ये सिफारिशें आयोग की हैं, अमेरिकी सरकार की घोषित नीति नहीं.
