वानुआतु के तट के पास एक फेरी के डूबने से कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि 30 से अधिक लोग अब भी लापता हैं. देश की सरकार के अनुसार, हादसे के बाद 15 लोगों के जीवित होने की पुष्टि की गई है और एक शव बरामद किया गया है.
MV Matui शुक्रवार को सैंटो द्वीप से अम्बाए द्वीप के लिए रवाना हुई थी. जहाज पर 40 से अधिक यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे. समुद्र में बहुत खराब मौसम के कारण फेरी अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सकी.
प्रधानमंत्री जोथम नापाट के कार्यालय ने कहा कि लापता लोगों की तलाश और बचाव अभियान जारी है. कार्यालय ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है.
बचाव अभियान में विमानों की मदद
न्यू कैलेडोनिया स्थित Maritime Rescue Coordination Centre ने तलाश अभियान में सहायता की है. रविवार सुबह फ्रांसीसी सशस्त्र बलों का एक विमान भी अभियान में लगाया गया. केंद्र के अनुसार, रविवार सुबह 12 लोगों का पता लगाया गया था.
लुगानविल से सांसद मताई सेरेमायाह ने कहा कि तलाश दक्षिण-पूर्वी तट पर केंद्रित की जाएगी, क्योंकि समुद्री धाराएं बचे लोगों को उस दिशा में ले जा सकती हैं.
सरकार ने संभावित लापरवाही की जांच शुरू कर दी है. उसके बयान के अनुसार, हादसे के पीछे तेज हवाएं, समुद्री चेतावनियों की अनदेखी और संभवतः फेरी में क्षमता से अधिक लोगों को सवार करना जैसे कारणों की जांच की जा रही है.
