अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य में संक्रमित डेयरी फार्म के संपर्क में आए एक व्यक्ति की बर्ड फ्लू से मौत हो गई. राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, यह उस H5 एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस से अमेरिका में हुई तीसरी मानव मृत्यु है, जिसने जंगली प्रवासी पक्षियों से डेयरी मवेशियों तक संक्रमण फैलाया है. मवेशियों में वायरस के संक्रमण की पहली रिपोर्ट मार्च 2024 में सामने आई थी.
मृतक याकिमा काउंटी का निवासी था और उसे पहले से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं. अधिकारियों ने बताया कि ये परिस्थितियां संक्रमण के प्रति उसकी संवेदनशीलता बढ़ा सकती थीं. काउंटी अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा था कि व्यक्ति की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बाद में उसकी मौत की पुष्टि की गई.
परिवार की निजता का सम्मान करते हुए अधिकारियों ने मृतक का नाम, लिंग और उम्र समेत अन्य जानकारी जारी नहीं की. याकिमा हेल्थ डिस्ट्रिक्ट के स्वास्थ्य अधिकारी डेव एटबेरी ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि एवियन इन्फ्लूएंजा गंभीर बीमारी का कारण बन सकता है, खासकर उन लोगों में जिन्हें पहले से स्वास्थ्य समस्याएं हों.
अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना गंभीर है, लेकिन आम जनता के लिए संक्रमण का जोखिम अभी कम माना जा रहा है. वायरस के पशुओं तक फैलने के बावजूद सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसियां मानव मामलों और संभावित संपर्कों पर निगरानी बनाए हुए हैं.
