अमेरिका के विस्कॉन्सिन में खसरे से एक शिशु की मौत की सूचना मिली है. अधिकारियों के अनुसार, राज्य में 1990 के बाद खसरे से यह पहली मौत है. यह घटना ऐसे समय हुई है जब विस्कॉन्सिन में इस साल खसरे का प्रकोप जारी है और 13 काउंटियों में 430 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं.
विस्कॉन्सिन की स्वास्थ्य सचिव कर्स्टन जॉनसन ने कहा कि किसी बच्चे की मौत दुखद होती है, खासकर तब जब इसका संबंध ऐसी बीमारी से हो, जिसे टीके से रोका जा सकता है. उन्होंने लोगों से अपने और परिवार के जोखिम का आकलन करने तथा सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस सप्ताह अमेरिका में खसरे से यह तीसरी मौत है. इससे पहले सोमवार को न्यूयॉर्क में एक बच्चे की मौत की सूचना मिली थी. बुधवार को पेंसिल्वेनिया में भी एक व्यक्ति की मौत बताई गई. पेंसिल्वेनिया के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मृत व्यक्ति का टीकाकरण नहीं हुआ था, हालांकि उसकी उम्र समेत अन्य विवरण जारी नहीं किए गए.
पेंसिल्वेनिया में इस साल खसरे के 1,467 मामले सामने आ चुके हैं. अगले सप्ताह विशेषज्ञ यह तय करने की प्रक्रिया में होंगे कि अमेरिका ने खसरा उन्मूलन का दर्जा खो दिया है या नहीं.
