यमन के जौफ प्रांत की राजधानी हज्म में एक जेल पर हुए हवाई हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है. अधिकारियों के अनुसार, सात लोग अब भी लापता हैं और राहतकर्मी मलबे में उनकी तलाश कर रहे हैं.

हमला सोमवार को हुआ था. जौफ नागरिक सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख हसन सबूला के मुताबिक, मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है. हूती-नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अनीस अल-असबाही ने बताया कि घायलों में एक महिला भी शामिल है, जो अपने पति से मिलने जेल पहुंची थी.

हमले के बाद जवाबी कार्रवाई तेज

हूती विद्रोहियों ने हमले के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया है. हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी का दावा है कि जेल पर हमला सऊदी F-15 लड़ाकू विमान से किया गया. सऊदी सरकार की ओर से इस दावे पर तत्काल आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

इसके बाद हूती विद्रोहियों ने दक्षिणी सऊदी अरब के कई इलाकों को निशाना बनाकर हमले किए. सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने भी जौफ और मारिब प्रांतों में हूती ठिकानों पर हवाई हमले किए. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गठबंधन ने पिछले 24 घंटों में 32 हवाई हमले किए हैं.

अमेरिकी समाचार एजेंसी AP के अनुसार, जेल हमले के बाद यमन में संघर्ष बढ़ गया है और इससे जारी संघर्षविराम पर दबाव बढ़ा है. AP ने यह भी बताया कि 23 अगस्त से 5 सितंबर के बीच यमन में हिंसा में कम से कम 194 लोग मारे गए और 880 से अधिक घायल हुए थे.

सऊदी नेतृत्व वाला गठबंधन 2015 से यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के समर्थन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य अभियान चला रहा है. हूती विद्रोही यमन के बड़े उत्तरी हिस्से पर नियंत्रण रखते हैं.