इस्लामिक प्रचारक जाकिर नाइक के एक वीडियो बयान को लेकर भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में आलोचना हो रही है. वीडियो में नाइक ने अफगानिस्तान में लड़कियों की शिक्षा पर तालिबान की पाबंदियों का बचाव करते हुए दावा किया कि मीडिया वहां की स्थिति को गलत तरीके से पेश करता है.

नाइक के अनुसार, तालिबान ने लड़कियों की पढ़ाई पूरी तरह बंद नहीं की है. उन्होंने सुरक्षा संबंधी चिंताओं और महिला शिक्षकों की कमी का हवाला देते हुए कहा कि छठी कक्षा तक लड़कियां पढ़ सकती हैं और आगे की शिक्षा के लिए उपयुक्त माहौल तैयार किया जा रहा है. उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ धार्मिक विषयों में महिलाओं की उच्च शिक्षा जारी है.

इन दावों पर अफगान पत्रकारों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाए. आलोचकों का कहना है कि अगर लड़कियों को आगे पढ़ने का अवसर ही नहीं मिलेगा, तो महिला शिक्षक कैसे तैयार होंगी.

संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों के अनुसार, तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद से अफगान लड़कियां माध्यमिक और उच्च शिक्षा से बड़े पैमाने पर वंचित हैं. अफगानिस्तान को लड़कियों की माध्यमिक और उच्च शिक्षा पर औपचारिक रोक लगाने वाला दुनिया का एकमात्र देश बताया गया है.