बेंगलुरु में ट्रैफिक और शोर से राहत देने के लिए 10 बड़े ग्रीन स्पेस विकसित करने की योजना बनाई गई है. कर्नाटक वन विभाग के प्रस्ताव के मुताबिक, इन जगहों पर प्रवेश शुल्क ₹10 प्रति व्यक्ति रखा जाएगा. अधिकारियों के अनुसार, टिकट से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल रोजाना रखरखाव और बुनियादी सुविधाओं पर किया जाएगा.
इस परियोजना पर करीब ₹150 करोड़ खर्च होने का अनुमान है. इसके लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) और कॉरपोरेट एनवायरनमेंटल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CER) फंड से मदद लेने की योजना है. प्रस्ताव को 30 नवंबर की राज्य कैबिनेट बैठक में पेश किया जा सकता है, इसलिए योजना अभी अंतिम मंजूरी के चरण में है.
प्रस्तावित स्थलों में तुराहल्ली रिजर्व फॉरेस्ट, तुराहल्ली मिनर फॉरेस्ट, कलकेरे फॉरेस्ट इकोसिस्टम सेंटर, बन्नेरघट्टा नेशनल पार्क, डोरेसनिपाल्या रिसर्च एंड एक्सटेंशन सेंटर, पनातुर-नागवारा और मरासंद्रा बायोडायवर्सिटी पार्क, मांडूरू बांस पार्क तथा जरकाबांडे ट्री पार्क शामिल हैं. मदप्पनहल्ली का विश्वगुरु बसवन्ना बायोडायवर्सिटी पार्क भी योजना का हिस्सा है.
इन ग्रीन स्पेस में ट्रैकिंग और साइकिलिंग ट्रेल, नेचर वॉक, बैठने की जगह, प्रवेश द्वार, टिकट काउंटर, पर्यावरण-अनुकूल शौचालय और सूचना पैनल बनाए जाने की योजना है. जरकाबांडे पार्क के लिए सबसे अधिक ₹35.6 करोड़ का प्रावधान प्रस्तावित है.
