बेंगलुरु में 90 लाख मतदाता पहचान-पत्र छापे जाने को लेकर कर्नाटक में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है. विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने राज्य निर्वाचन आयोग पर नियमों का उल्लंघन करने और प्रस्तावित ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी (GBA) चुनावों में अनियमितताओं को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है. उन्होंने पूरे मामले की CBI जांच की मांग की.
बेंगलुरु में पत्रकारों से बातचीत में अशोक ने दावा किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद शहर में मतदाताओं की संख्या करीब 59 लाख रह गई है, जबकि आयोग ने 90 लाख कार्ड छापे हैं. उनके मुताबिक, इससे करीब 31 लाख अतिरिक्त मतदाता पहचान-पत्र बचते हैं. उन्होंने इन कार्डों को “फर्जी” बताते हुए आरोप लगाया कि इनका इस्तेमाल “वोट चोरी” के लिए किया जा सकता है.
अशोक ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार प्रस्तावित GBA चुनाव में अनियमितता कराने के लिए इस प्रक्रिया में शामिल है. उन्होंने कहा कि आयोग ने उच्चतम न्यायालय में हलफनामा देकर कहा था कि स्थानीय निकाय चुनाव SIR और नई मतदाता सूची तैयार होने के बाद ही कराए जाएंगे.
राज्य निर्वाचन आयोग का पक्ष
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव अमरेश एच. ने आरोपों को सिरे से खारिज किया. उन्होंने कहा कि मतदाता कार्ड छापने का टेंडर SIR की घोषणा से पहले जारी किया गया था. उनके अनुसार, यह प्रक्रिया Greater Bengaluru Governance (Registration of Electors) Rules, 2025 के नियम 26 के तहत शुरू की गई थी.
आयोग ने कहा कि उसने अपने कानूनी अधिकार-क्षेत्र में काम किया है और SIR के कारण स्थानीय निकाय चुनावों से जुड़ी उसकी प्रक्रिया रोकना आवश्यक नहीं था. अमरेश के मुताबिक, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कराए जाने वाले चुनाव और स्थानीय निकाय चुनाव अलग-अलग कानूनी ढांचों के तहत आते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्रों में किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर मतदान रोकने के उद्देश्य से कार्ड छापने का निर्णय लिया गया.
