कर्नाटक हाई कोर्ट ने बेंगलुरु विकास प्राधिकरण (BDA) को भूमि अधिग्रहण और मुकदमों से जुड़े मामलों में जारी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है. अदालत ने चेतावनी दी कि सर्कुलर या प्रक्रिया से किसी भी तरह का विचलन गंभीरता से लिया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो सकती है.

यह आदेश 24 सितंबर को न्यायमूर्ति डीके सिंह और न्यायमूर्ति टीएम नदाफ की डिवीजन बेंच ने पारित किया था. मामला गुब्बलाला गांव की जमीन से जुड़ा है, जिसे कनकपुरा रोड से बनशंकरी और बनशंकरी छठे चरण के विस्तार के लिए अधिग्रहित किया गया था.

भूमि मालिकों ने दलील दी थी कि आसपास की कुछ जमीनों को अधिग्रहण से बाहर रखा गया है और BDA छोटे-छोटे भूखंडों में लेआउट विकसित नहीं कर सकता. सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि BDA ने एक समान मामले में दायर अपील वापस ले ली थी.

अदालत के निर्देश पर BDA आयुक्त पी. मणिवन्नन ने प्रक्रिया सुधारने के लिए हलफनामा दाखिल किया. जुलाई में जारी सर्कुलर के तहत कानूनी नोटिस और अदालती आदेश उसी दिन या अगले दिन मुख्य विधि अधिकारी को भेजने, मुकदमों का रिकॉर्ड डिजिटल करने और अपील पर निर्णय के लिए आयुक्त की अध्यक्षता वाली समिति बनाने का प्रावधान किया गया है.

डिवीजन बेंच ने संबंधित परियोजना के काफी हद तक लागू हो चुके होने का हवाला देते हुए एकल पीठ का आदेश रद्द किया और भूमि अधिग्रहण को बरकरार रखा.