बेंगलुरु पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित तिरंगा मार्च को टाउन हॉल से शुरू करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. आयोजकों ने शुक्रवार शाम 4 बजे टाउन हॉल से मैसूर बैंक सर्कल के पास स्थित क्विट इंडिया मेमोरियल तक मार्च निकालने की योजना बनाई थी.
पुलिस के अनुसार, बेंगलुरु में प्रदर्शन और रैलियों के लिए फ्रीडम पार्क निर्धारित स्थल है. टाउन हॉल पर सभा की घोषणा किए जाने के कारण वहां अनुमति नहीं दी गई. अधिकारियों ने शहर के केंद्रीय हिस्से में संभावित यातायात व्यवधान का भी हवाला दिया है.
CJP के कर्नाटक समन्वयक राहुल जाग्रता ने कहा कि आयोजकों ने पुलिस को सूचना पत्र दिया था, लेकिन उन्हें अनुमति पर कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला. उनका कहना है कि यह प्रदर्शन नहीं, बल्कि शांतिपूर्ण तिरंगा मार्च था.
CJP, जाग्रता कर्नाटक और ‘माई वोट, माई राइट’ से जुड़े आयोजकों को मार्च में 200 से 300 लोगों के शामिल होने की उम्मीद थी. पुलिस ने यह भी कहा कि आगे की स्थिति पर शाम तक स्पष्टता मिल सकती है.
