बेंगलुरु के नगरभावी इलाके में बुधवार को दो छात्र गुटों के बीच हुए विवाद में 19 वर्षीय बीकॉम छात्र योगेश की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, योगेश एक निजी कॉलेज में प्रथम वर्ष में पढ़ता था.

पुलिस ने बताया कि योगेश कक्षा में था, तभी उसके एक दोस्त ने उसे बाहर बुलाया. कॉलेज से बाहर आने के बाद दो समूहों के बीच किसी मुद्दे को लेकर बहस शुरू हो गई. इसी दौरान समूह में शामिल एक व्यक्ति ने कथित तौर पर चाकू निकालकर योगेश पर हमला कर दिया.

गंभीर रूप से घायल योगेश को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, घटना में चार से पांच लोगों के शामिल होने का संदेह है. अभी तक एक संदिग्ध की पहचान हुई है.

पुलिस ने कहा कि हमले का सटीक कारण और घटनाक्रम आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद स्पष्ट होगा. मामले की जांच जारी है.