बेंगलुरु के एक पांच सितारा होटल के स्विमिंग पूल में कथित तौर पर करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई. घटना शुक्रवार शाम होटल की तीसरी मंजिल पर बने पूल में हुई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मृतकों की पहचान 57 वर्षीय जर्मन नागरिक अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थाइस और 45 वर्षीय स्लोवाकियाई नागरिक जुराज होर्वाट के रूप में हुई है. दोनों कॉनराड होटल में ठहरे हुए थे. पुलिस के मुताबिक, दोनों तैरने के लिए पूल में गए थे और इसी दौरान उन्हें करंट लगने की आशंका है.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, थाइस Lufthansa Airlines में क्रू मेंबर थे, जबकि होर्वाट टेक कंपनी IBM में प्रोजेक्ट मैनेजर के तौर पर काम करते थे. पुलिस ने घटना के कारण की अंतिम पुष्टि नहीं की है.
दोनों को बचाने की कोशिश में होटल में ठहरे 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डीसेंटिस और 28 वर्षीय पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी घायल हो गए. दोनों को Manipal Hospital में भर्ती कराया गया है. उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है.
होटल प्रबंधन की ओर से घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. हालांकि, शनिवार सुबह होटल की वेबसाइट पर स्विमिंग पूल को 31 अक्टूबर से 30 नवंबर तक रखरखाव के लिए बंद रखने की सूचना दी गई.
कॉनराड, Hilton समूह का 24 मंजिला लग्जरी होटल है. पुलिस अब पूल की विद्युत व्यवस्था और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है.
