बेंगलुरु के एक पांच सितारा Conrad होटल के स्विमिंग पूल में शुक्रवार शाम कथित तौर पर करंट उतरने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई. हादसा होटल की तीसरी मंजिल पर स्थित पूल में हुआ.

मृतकों की पहचान 57 वर्षीय जर्मन नागरिक अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थाइस और 45 वर्षीय स्लोवाकियाई नागरिक जुराज हॉर्वाट के रूप में हुई है. दोनों होटल में ठहरे हुए थे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, थाइस Lufthansa Airlines में क्रू मेंबर और हॉर्वाट IBM में प्रोजेक्ट मैनेजर थे.

बचाने की कोशिश में दो लोग घायल

पुलिस के अनुसार, दोनों विदेशी नागरिक शाम को पूल में तैरने गए थे. इसी दौरान उन्हें कथित रूप से बिजली का झटका लगा. उन्हें बचाने पहुंचे 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डिसेंटिस और होटल के 28 वर्षीय पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी भी घायल हो गए.

दोनों घायलों को Manipal Hospital में भर्ती कराया गया है. उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हादसे के कारण और पूल में करंट उतरने की वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद होगी. होटल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है.

होटल की वेबसाइट पर शनिवार सुबह पूल को 31 अक्टूबर से 30 नवंबर तक रखरखाव के लिए बंद रखने की सूचना दी गई थी.