कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु की पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए शहर को पांच अलग-अलग पुलिस कमिश्नरेट में बांट दिया है. सेंट्रल, ईस्ट, वेस्ट, नॉर्थ और साउथ कमिश्नरेट के ऊपर एक चीफ कमिश्नर की नियुक्ति की गई है.

1996 बैच के IPS अधिकारी आर. हितेंद्र को बेंगलुरु का पहला चीफ कमिश्नर ऑफ पुलिस बनाया गया है. इससे पहले वह अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कानून-व्यवस्था के पद पर कार्यरत थे. वह पांचों क्षेत्रीय कमिश्नरेट और ट्रैफिक व्यवस्था की समग्र निगरानी करेंगे.

पांच क्षेत्रों के पुलिस प्रमुख

लभु राम को सेंट्रल, डॉ. पी.एस. हर्षा को ईस्ट, विकास कुमार विकास को वेस्ट और डॉ. एम.बी. बोरलिंगैया को नॉर्थ बेंगलुरु का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है. सी. वामशी कृष्णा को साउथ बेंगलुरु का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.

हेमंत एम. निंबालकर को ट्रैफिक पुलिस कमिश्नर बनाया गया है. वह एंटी-राउडी स्क्वॉड की जिम्मेदारी भी संभालेंगे.

इस बदलाव के तहत बेंगलुरु पुलिस में 6,633 अतिरिक्त पद सृजित करने और करीब ₹764.87 करोड़ खर्च का प्रावधान बताया गया है.