कर्नाटक सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग ने सुप्रीम कोर्ट से बेंगलुरु की ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी (GBA) के तहत आने वाली पांच नगर निगमों के चुनाव 18 अप्रैल 2026 की वार्डवार मतदाता सूची के आधार पर कराने की अनुमति मांगी है.

याचिका में राज्य ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद शहर के मतदाता आंकड़ों में बड़े बदलाव का हवाला दिया है. राज्य के अनुसार, 27 अक्टूबर को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में बेंगलुरु क्षेत्र के मतदाताओं की संख्या करीब 1.03 करोड़ से घटकर 59.08 लाख रह गई.

राज्य निर्वाचन आयोग का कहना है कि अप्रैल की सूची में पांच निगमों के 88,95,361 मतदाता दर्ज थे. आयोग के मुताबिक, उसे चुनाव आयोग से SIR के बाद का प्रमाणित डाटाबेस अभी नहीं मिला है. यह डाटा मिलने के बाद वार्डवार सूचियां तैयार करने में दो महीने लगेंगे.

आयोग ने सुप्रीम कोर्ट से चुनावी प्रक्रिया पूरी करने की समयसीमा 31 दिसंबर 2026 से बढ़ाकर 31 जनवरी 2027 करने का भी अनुरोध किया है. उसने कहा है कि अप्रैल की सूची के इस्तेमाल की अनुमति मिली तो वह 31 जनवरी तक चुनाव कराने की दिशा में तत्काल कदम उठाएगा.

बेंगलुरु में पूर्व BBMP परिषद का कार्यकाल 10 सितंबर 2020 को समाप्त हुआ था. सुप्रीम कोर्ट ने पहले चुनाव की समयसीमा जून के अंत तक तय की थी, जिसे बाद में 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ाया गया.