बेंगलुरु में 25 वर्षीय जिम ट्रेनर नंदन की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह केम्पापुरा स्थित एक क्लाइंट के फ्लैट में विवाद के बाद यह घटना हुई. नंदन येलहंका के जक्कुरु लेआउट का रहने वाला था और सहकार नगर स्थित जिम में ट्रेनर के तौर पर काम करता था.

पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है. इनमें विश्वनाथ, शरथ और निशांत नंदन के जिम सहकर्मी बताए गए हैं, जबकि अनुष उस जिम का क्लाइंट था. पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी नंदन और अनुष को ट्रेनिंग देते थे तथा विश्वनाथ, अनुष का पर्सनल ट्रेनर था.

जांच के अनुसार, शनिवार शाम जिम के वर्षगांठ कार्यक्रम के बाद नंदन अपने तीन सहकर्मियों के साथ अनुष के फ्लैट पर गया था. रविवार सुबह करीब 7 बजे से 7:30 बजे के बीच निजी विवाद को लेकर बहस हुई, जो हिंसक झड़प में बदल गई. इस दौरान नंदन गंभीर रूप से घायल हुआ. उसे हेब्बाल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.

पुलिस ने अमृताहल्ली थाने में हत्या का मामला दर्ज किया है. दो आरोपियों को भी मामूली चोटें आई हैं. CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर घटना का क्रम और सटीक कारण पता लगाया जा रहा है.