बेंगलुरु के हलासुरु इलाके में स्थित Conrad Hotel के स्विमिंग पूल में शुक्रवार को दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई. पुलिस को आशंका है कि दोनों की मौत बिजली का करंट लगने से हुई, हालांकि घटना का सटीक कारण जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा.

पुलिस के अनुसार, हादसा होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में हुआ. मृतकों में एक जर्मनी और दूसरा स्लोवाकिया का नागरिक बताया गया है.

घटना के दौरान दोनों को बचाने की कोशिश में एक अमेरिकी नागरिक और होटल का पूल अटेंडेंट घायल हो गए. घायलों की पहचान होटल में ठहरे 41 वर्षीय Mathew Desantis और 28 वर्षीय पूल अटेंडेंट व लाइफगार्ड Rahul Tiwari के रूप में हुई है. दोनों को Manipal Hospital ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है.

बेंगलुरु के East Division के DCP Vikram Amathe ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच में पूल की विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की भी पड़ताल की जा रही है.