बेंगलुरु के HSR Layout के थर्ड सेक्टर में सोमवार दोपहर ऑटो किराए को लेकर दो युवतियों और एक ऑटो चालक के बीच विवाद मारपीट में बदल गया. घटना का वीडियो राहगीरों ने रिकॉर्ड किया, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हाथ उठाते दिखाई दे रहे हैं. स्थिति बिगड़ने पर एक अन्य युवती ने बीच-बचाव कर झगड़ा रोकने की कोशिश की.

वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद HSR Layout पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवतियों से संपर्क कर औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने आने को कहा गया था. हालांकि, उन्होंने तत्काल आने से इनकार किया और एक-दो दिन का समय मांगा. इसी वजह से पुलिस ने फिलहाल शिकायत दर्ज होने का इंतजार किया है.

पुलिस ने ऑटो चालक का भी पता लगाया. चालक ने आरोप लगाया कि युवतियों ने किराया देने को लेकर उससे विवाद किया, गाली-गलौज की और पहले हमला किया. उसने दावा किया कि उसने जवाबी कार्रवाई की. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.