बेंगलुरु मेट्रो के विस्तार की लागत को लेकर कर्नाटक की कांग्रेस सरकार और BJP के बीच राजनीतिक विवाद तेज हो गया है. कर्नाटक के बेंगलुरु विकास मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने दावा किया कि नम्मा मेट्रो के फेज-1, फेज-2, फेज-2A, फेज-2B और अनुमानित फेज-3 की कुल लागत 77,891 करोड़ रुपये है.
राज्य सरकार के अनुसार, इसमें कर्नाटक का योगदान 65,291 करोड़ रुपये यानी करीब 83.8% है, जबकि केंद्र का हिस्सा 12,600 करोड़ रुपये यानी लगभग 16.2% है. मंत्री ने कहा कि राज्य केंद्र के प्रत्येक एक रुपये के मुकाबले करीब पांच रुपये खर्च कर रहा है.
सरकार का यह भी कहना है कि भूमि अधिग्रहण, परियोजना लागत में बढ़ोतरी और मेट्रो के संचालन से जुड़े घाटे का बड़ा भार कर्नाटक उठा रहा है. उसके मुताबिक, मेट्रो संचालन में राज्य का जमा घाटा करीब 1,046 करोड़ रुपये है और 52 करोड़ रुपये की प्रतिपूर्ति अभी बाकी है.
दूसरी ओर, BJP सांसद तेजस्वी सूर्या ने मेट्रो विस्तार का श्रेय केंद्र को देते हुए अलग आंकड़े पेश किए. उनके अनुसार, स्वीकृत चरणों में केंद्र ने 41,557 करोड़ रुपये और कर्नाटक ने 36,332 करोड़ रुपये देने की प्रतिबद्धता जताई है. इस तरह दोनों पक्ष परियोजना लागत और योगदान की गणना के अलग-अलग आधारों का हवाला दे रहे हैं.
